Social Activity BSP
सूरत/गुजरात (SOcial ACtivity BSP) | 29 मई 2026
गुजरात के सूरत शहर की पलसाना तहसील में 22 वर्षीय महिला की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा करते हुए आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। जांच में सामने आया कि महिला की हत्या किसी और ने नहीं बल्कि उसके पति ने ही गला घोंटकर की थी। आरोपी घटना के बाद फरार हो गया था, जिसे पुलिस ने तकनीकी निगरानी और सीसीटीवी फुटेज की मदद से गिरफ्तार कर लिया।
◆ जानकारी के अनुसार, मृतका की पहचान मेहविश खातून (22 वर्ष) के रूप में हुई है। उसका शव 17 मई 2026 को पलसाना तहसील के बागोमरा गांव स्थित महादेव विला अपार्टमेंट के फ्लैट नंबर 506 में संदिग्ध परिस्थितियों में मिला था। शुरुआत में मामला सामान्य मौत का प्रतीत हो रहा था, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट में चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि महिला की गला घोंटकर हत्या की गई थी।
◆ पुलिस जांच के दौरान पता चला कि घटना के तुरंत बाद मृतका का पति शिवम रंजीत सिंह ठाकुर अचानक लापता हो गया था, जिससे उस पर शक गहराने लगा। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, मोबाइल लोकेशन और सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपी की तलाश शुरू की। आखिरकार आरोपी को पुरानी दिल्ली रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार कर लिया गया।
◆ पुलिस के मुताबिक, मेहविश खातून और शिवम रंजीत सिंह ठाकुर दोनों उत्तर प्रदेश के अंबेडकर नगर जिले के एक ही गांव के निवासी थे। बताया जा रहा है कि आरोपी ने मेहविश को कम उम्र में अपने साथ भगा लिया था, जिसको लेकर उसके खिलाफ मामला भी दर्ज किया गया था। बाद में दोनों के बालिग होने पर शादी हुई और बीते तीन वर्षों से दोनों सूरत में साथ रह रहे थे। पिछले करीब तीन महीनों से दोनों बागोमरा स्थित इसी अपार्टमेंट में रह रहे थे।
◆ तफ्तीश में यह भी सामने आया कि पति-पत्नी के बीच लंबे समय से घरेलू तनाव चल रहा था। पुलिस के अनुसार, तनाव की मुख्य वजह इंस्टाग्राम पर आरोपी की दूसरी महिला से बातचीत थी। घटना वाले दिन भी इसी बात को लेकर दोनों के बीच तीखी बहस हुई, जो देखते ही देखते हिंसक झगड़े में बदल गई। आरोप है कि गुस्से में आकर शिवम ने अपनी पत्नी का गला दबाकर हत्या कर दी।
◆ पुलिस का कहना है कि पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। फिलहाल मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है, वहीं इस घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है।
रिपोर्ट :- शेख सरफराज़ अहमद





.jpeg)

